
नईदुनिया प्रतिनिधि,ग्वालियर। न्यायालय के दस्तावेजों में हेराफेरी कर न्यायाधीश के फर्जी हस्ताक्षर से कैदी का फर्जी रिहाई आदेश तैयार करने और उसे असली बताकर जेल भेजने के मामले में ग्वालियर की अदालत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है।
तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश गौतम भट्ट की अदालत ने आरोपित पूर्व कोर्ट कर्मचारी पंकज टेगौर को दोषी ठहराते हुए सात साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। आरोपित पर कुल 27 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है। आरोपित को पांच धाराओं में सजा सुनाई गई है और सभी सजाएं साथ साथ चलेंगी।
जानकारी के अनुसार, यह इंदरगंज का है। आरोपित पंकज टेगौर पुत्र नत्थीलाल टेगौर निवासी सिटी सेंटर, ग्वालियर, द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-1-जेएमएफसी न्यायालय में प्रवर्तन लिपिक के पद पर पदस्थ था।
आरोप था कि उसने न्यायालय में लंबित प्रकरण क्रमांक 16872/2013 में आरोपित रम्मो उर्फ रामवीर की रिहाई का कोई आदेश जारी नहीं होने के बावजूद चार सितंबर 2019 को पीठासीन अधिकारी के फर्जी हस्ताक्षर कर रिहाई आदेश तैयार कर दिया।
पंकज ने इस फर्जी आदेश को असली दस्तावेज की तरह इस्तेमाल किया और संबंधित जेल भेजकर रम्मो उर्फ रामवीर को रिहा करा दिया। इस तरह न्यायालय के शासकीय अभिलेखों में कूटरचना करने के साथ धोखाधड़ी भी की गई।
यह भी पढ़ें- सातवें वेतनमान पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट सख्त, दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
न्यायिक मजिस्ट्रेट की शिकायत पर दर्ज हुआ था मामला
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी राममनोहर सिंह दांगी के संज्ञान में फर्जी रिहाई आदेश की जानकारी आई। उन्होंने न्यायालय के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद इंदरगंज थाने में 19 फरवरी 2020 को अपराध के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 471 में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने जांच के दौरान विवादित रिहाई आदेश, हस्ताक्षर और हस्तलेख के नमूने एकत्रित कर दस्तावेजों को परीक्षण के लिए भेजा। मामले में हस्तलेख विशेषज्ञ की रिपोर्ट भी महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत की गई। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से नौ गवाहों के नाम प्रस्तुत किए गए।
इनमें न्यायिक मजिस्ट्रेट राममनोहर सिंह दांगी, संजीव वर्मा, पुलिसकर्मी कमल सिंह कुशवाह, रवि पाठक, रामबाबू नागर और हस्तलेख विशेषज्ञ मयंक शुक्ला सहित अन्य गवाह शामिल थे। अदालत ने अपने फैसले में दस्तावेजों, गवाहों के बयानों और विशेषज्ञ की रिपोर्ट का विस्तार से परीक्षण किया। न्यायालय ने माना कि आरोपी ने अपने पद पर रहते हुए बिना अधिकार के रिहाई आदेश पर हस्ताक्षर किए और फर्जी दस्तावेज को वास्तविक बताकर उसका इस्तेमाल किया। अदालत के अनुसार, अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोप प्रमाणित करने में सफल रहा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में सायरन बजते ही मची अफरा-तफरी, ड्रोन हमले में घायलों को बचाने दौड़ीं राहत टीमें; परखी तैयारियां
इन धाराओं में सुनाई गई सजा
अदालत ने आरोपी पंकज टेगौर को भारतीय दंड संहिता की पांच धाराओं में दोषी ठहराया। धारा 466 में पांच वर्ष का सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड, धारा 467 में सात वर्ष का सश्रम कारावास और सात हजार रुपये अर्थदंड, धारा 468 में पांच वर्ष का सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड, धारा 471 में पांच वर्ष का सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 420 में पांच वर्ष का सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड लगाया गया है।
सभी कारावास की सजाएं एक साथ चलेंगी। इस प्रकार आरोपी को अधिकतम सात वर्ष का सश्रम कारावास भुगतना होगा। अदालत ने विचारण के दौरान जेल में बिताए गए 128 दिनों को सजा में समायोजित करने का आदेश भी दिया है।
यह भी पढ़ें- कटनी जमीन घोटाला: सीएसपी नेहा पच्चीसिया के करीबी ठेकेदार को हाई कोर्ट से झटका, अग्रिम जमानत याचिका निरस्त