नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) क्षेत्रीय कार्यालय ग्वालियर ने अंशदाताओं, कर्मचारियों, पेंशनरों और नियोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित व ऑन-द-स्पॉट समाधान के लिए एक बड़ी पहल की है।
अब पीएफ और पेंशन से जुड़े कार्यों तथा शिकायतों के निराकरण के लिए हितग्राहियों को ग्वालियर क्षेत्रीय कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। संगठन द्वारा अपने क्षेत्राधिकार में आने वाले सभी नौ जिलों में 28 सितंबर को निधि आपके निकट के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
क्षेत्रीय आयुक्त सत्य वर्धन गौतम के अनुसार, इन शिविरों का आयोजन सुबह 9:30 बजे से शाम 5:45 बजे तक निर्धारित स्थलों पर किया जाएगा। विभाग ने सभी जिलों के लिए नोडल अधिकारियों और टीमों की तैनाती कर दी है।
इन समस्याओं का मौके पर होगा निपटारा...
इस विशेष शिविर के माध्यम से पीएफ फंड की निकासी
नियोक्ताओं द्वारा अंशदान जमा न करने
केवाईसी अपडेट कराने
नाम/जन्मतिथि में सुधार
पेंशन दावा और ऑनलाइन ट्रांसफर से जुड़ी शिकायतों का समाधान क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा मौके पर ही किया जाएगा। दूर-दराज के जिलों के उन कर्मचारियों व वृद्ध पेंशनरों को इस पहल से सबसे अधिक राहत मिलेगी, जो शारीरिक या आर्थिक कारणों से ग्वालियर कार्यालय आने में असमर्थ थे।
आपके जिले में कहां लगेगा शिविर और कौन होंगे नोडल अधिकारी...
ग्वालियर: ईएसआईसी कार्यालय हरिओम कॉलोनी, सात नंबर चौराहे के पास मुरार में शिविर लगेगा। इसमें नोडल अधिकारी मृगांक भूषण रहेंगे।
मुरैना: ईएसआईसी कार्यालय कसाना भवन नगरपालिका भवन बानमोर में शिविर लगेगा। यहां पर नोडल अधिकारी उमेश कुमार यादव रहेंगे।
भिंड: नगर पालिका परिषद मालनपुर में शिविर लगेगा। इसमें नोडल अधिकारी नरेन्द्र कुमार बाथम रहेंगे।
शिवपुरी: हैप्पी डेज स्कूल, एबी रोड में समस्याओं को सुना जाएगा। इसके नोडल अधिकारी महेन्द्र गइलिंग व सूरज तिवारी रहेंगे।
दतिया: होली क्रास आश्रम स्कूल में शिविर लगेगा। इसमें नोडल अधिकारी मयंक सेठ रहेंगे।
गुना: जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, एबी रोड, रेलवे स्टेशन के पास शिविर लगेगा। इसमें नोडल अधिकारी शरद नामदेव होंगे।
अशोकनगर: जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, मंडी रोड, तुलसी सरोवर कालोनी में शिविर लगेगा। इसमें नोडल प्रदीप वर्मा होंगे।
श्योपुर: नगर पालिका परिषद, गांधी चौक पर शिविर लगेगा। इसमें नोडल शशिकांत रास मेरिया होंगे।
राजगढ़: जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक में शिविर लगेगा। इसमें नोडल संजय कुम्हारे होंगे।