महाधिवक्ता कार्यालय में अब गजट के अनुसार होंगी भर्तियां, एमपी हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला
मध्य प्रदेश शासन ने हाई कोर्ट में स्पष्ट किया है कि अब नियुक्तियां 2013 के गजट नोटिफिकेशन में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी प्रक्रिया से की जाएंगी।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 09:31:32 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 09:31:32 PM (IST)
अब गजट के मुताबिक होगी चयन प्रक्रिया,HighLights
- पूर्व नियुक्तियों में पारदर्शिता का था अभाव
- अब गजट के मुताबिक होगी चयन प्रक्रिया
- 2013 की अधिसूचना का दिया गया हवाला
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। महाधिवक्ता कार्यालय में विधि अधिकारियों की नियुक्तियों को लेकर मध्य प्रदेश शासन ने हाई कोर्ट में स्पष्ट किया है कि अब नियुक्तियां 2013 के गजट नोटिफिकेशन में निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी प्रक्रिया से की जाएंगी।
शासन की ओर से भारत के सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पैरवी करते हुए स्वीकार किया कि पूर्व में ऐसी नियुक्तियों के लिए कोई निर्धारित दिशा-निर्देश नहीं थे। इस कारण नियुक्तियां मनमाने ढंग से होती थीं और पात्र अधिवक्ताओं को समान अवसर देने में पारदर्शिता का अभाव था। अब अधिसूचना के तहत व्यवस्थित चयन प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
दो अंतरिम आवेदन खारिज
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अल्पेश यशवंत कोगजे व न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने नई नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग संबंधी दोनों अंतरिम आवेदन खारिज कर दिए। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व संयुक्त सचिव अधिवक्ता योगेश सोनी की ओर से अधिवक्ता दिनेश कुमार उपाध्याय ने पक्ष रखा था।
मामला हाई कोर्ट बार के पूर्व संयुक्त सचिव अधिवक्ता योगेश सोनी विरुद्ध मध्य प्रदेश शासन एवं अन्य से संबंधित है। मुख्य याचिका अभी लंबित है। दरअसल, महाधिवक्ता कार्यालय में अतिरिक्त महाधिवक्ता, उप महाधिवक्ता, शासकीय अधिवक्ता और उप शासकीय अधिवक्ताओं के पदों पर नियुक्ति के लिए 16 से 28 नवंबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे।
2013 के गजट नोटिफिकेशन का नहीं हुआ पालन
आवेदकों ने आशंका जताई कि पूर्व नियुक्तियों में 28 फरवरी 2013 के गजट नोटिफिकेशन का पालन नहीं किया गया और नई प्रक्रिया में भी उसी तरह की स्थिति बन सकती है। इसलिए नई नियुक्तियों पर रोक लगाने के साथ चयन प्रक्रिया, वस्तुनिष्ठ मापदंड, मूल्यांकन पद्धति और संबंधित अभिलेख न्यायालय में प्रस्तुत कराने की मांग की गई थी।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने शासन का पक्ष रखते हुए 27 फरवरी 2013 की अधिसूचना का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि इसके तहत पात्रता, आवेदन आमंत्रण और चयन की व्यवस्थित प्रक्रिया निर्धारित है। युगलपीठ ने भी अधिसूचना का अवलोकन करने के बाद माना कि सभी पात्र अधिवक्ताओं को खुले रूप से आवेदन करने का अवसर मिलता है और चयन में महाधिवक्ता की भूमिका निर्धारित है।
न्यायालय ने यह भी महत्वपूर्ण टिप्पणी की कि नई नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगाने से उन पुराने विधि अधिकारियों का पैनल जारी रहने की स्थिति बनेगी, जिनकी नियुक्तियों को स्वयं याचिकाकर्ता ने चुनौती दी है। पैनल का कार्यकाल समाप्त होने पर सरकार की ओर से अदालतों में पैरवी के लिए अधिवक्ताओं की अनुपलब्धता की स्थिति भी बन सकती है।
युगलपीठ ने माना कि मुख्य याचिका एक विशेष वर्ष की नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित है। ऐसे में वर्तमान में शुरू की गई प्रक्रिया रोकने का औचित्य नहीं है। कोर्ट ने दोनों अंतरिम आवेदन वापस लेने की मांग स्वीकार कर ली।