जबलपुर में नशा नेटवर्क का भंडाफोड़, प्रयागराज से लाई जा रही थी इंजेक्शनों की खेप; दो आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज से नशे के लिए इंजेक्शनों की खेप लाकर शहर में फुटकर बिक्री करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 10:13:33 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 10:13:33 PM (IST)
चार हजार इंजेक्शन के साथ दो गिरफ्तार, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- चार हजार इंजेक्शन के साथ दो गिरफ्तार
- पेट्रोल पंप के पीछे करते थे ग्राहक का इंतजार
- एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 10 अपराध
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रयागराज से नशे के लिए इंजेक्शनों की खेप लाकर शहर में फुटकर बिक्री करने वाले नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से चार हजार इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपितों में बाई का बगीचा के तुलसी मोहल्ला निवासी जयंत राय और अमित पैगवार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों प्रयागराज से इंजेक्शन लाकर शहर में नशा करने वालों को फुटकर में बेचते थे।
पेट्रोल पंप के पीछे ग्राहक का कर रहे थे इंतजार
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान शनिवार को सूचना मिली कि दो व्यक्ति सफेद रंग की फिगो कार क्रमांक एमपी 20 सीडी 7249 में गोयल टीमएटी गेट के पास भारत पेट्रोल पंप के पीछे नशे के लिए इंजेक्शन बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। कार में दो युवक बैठे मिले। तलाशी के दौरान कार में रखे चार थैलों से बड़ी मात्रा में इंजेक्शन बरामद हुए। यह इंजेक्शन प्रतिबंधित श्रेणी के है, जिनका उपयोग चिकित्सक के लिखित परामर्श पर फुटकर और निर्धारित जीएसटी पर्ची पर थोक विक्रय के लिए परिवहन किया जा सकता है।
आरोपित अवैध तरीके से चोरी-छिपे यह इंजेक्शन खपाने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपितों ने इन्हें प्रयागराज से लाना और शहर में फुटकर बिक्री करना स्वीकार किया।
एक पर 10, दूसरे पर दो अपराध दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपित जयंत राय के खिलाफ ड्रग एक्ट और मारपीट के 10 अपराध पहले से दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं अमित पैगवार के खिलाफ ड्रग एक्ट सहित दो अपराध दर्ज हैं।
दोनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआइआर दर्ज कर जांच में लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि प्रयागराज में इंजेक्शन की आपूर्ति किससे की जा रही थी और जबलपुर में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।