कटनी सरकारी चावल घोटाला: 31 ट्रक रास्ते में गायब, भोपाल और रीवा के चार साझेदारों पर केस दर्ज
2025-26 के दौरान कटनी से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए कुल 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल रवाना किया गया था, लेकिन संबंधित जिलों के गोदामों में सिर्फ एक ट्रक ही पहुंचा।
Publish Date: Thu, 26 Nov 2026 10:46:50 PM (IST)Updated Date: Thu, 26 Nov 2026 10:46:50 PM (IST)
चार साझेदारों पर दर्ज हुई FIR, सांकेतिक तस्वीरHighLights
- कटनी से भेजा था 32 ट्रक फोर्टिफाइल चावल
- लगभग चार करोड़ की बताई जा रही कीमत
- ट्रांसपोर्टर के बिल सत्यापन में निकले फर्जी
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत इंदौर, नीमच और हरद जिले में भेजा गया 31 ट्रक फोर्टिफाइड चावल गायब होने और फर्जी पावती पेश करने के मामले में रंगनाथ नगर पुलिस ने गुरुवार रात परिवहनकर्ता फर्म के चार साझेदारों पर मामला दर्ज किया है।
गबन किए गए चावल की कीमत चार करोड़ 42 लाख 71 हजार 718 रुपये आंकी गई है। मप्र स्टेट सिविल सप्लाइज कार्पोरेशन (नान) कटनी के प्रभारी जिला प्रबंधक रविकांत ठाकुर ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि जांच में सामने आया कि 2025-26 के दौरान कटनी से हरदा, नीमच और इंदौर के लिए कुल 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल रवाना किया गया था, लेकिन संबंधित जिलों के गोदामों में सिर्फ एक ट्रक ही पहुंचा। शेष 31 ट्रकों में लदा 21 हजार 765 बोरी (10 हजार 797.18 क्विंटल) चावल गंतव्य तक नहीं पहुंचा।
सील और हस्ताक्षर कंप्यूटर से पेस्ट किए
नोटिस के बाद भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस के साझेदार किशन केशरवानी ने सभी ट्रकों की पावती प्रस्तुत की थी। जब हरदा, नीमच और इंदौर के जिला प्रबंधकों से इन पावतियों का भौतिक सत्यापन कराया गया तो वे फर्जी निकलीं। पावतियों पर केंद्र प्रभारियों के सील और हस्ताक्षर कंप्यूटर से पेस्ट किए गए थे और आवक रजिस्टर व पोर्टल पर भी चावल प्राप्ति का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।
हरदा के 14, नीमच के 10 और इंदौर के सात ट्रकों का चावल रास्ते में ही खुर्द-बुर्द कर दिया गया। पुलिस ने नान प्रबंधक के प्रतिवेदन पर फर्म के साझेदार भोपाल निवासी दीपक जैन, चाकघाट (रीवा) निवासी किशन केशरवानी व शांति मिश्रा और त्योंथर रीवा निवासी मनोज कुमार तिवारी के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बता दें कि इंदौर को आठ ट्रकों से 2641 क्विंटल, हरदा को 14 ट्रकों से 4763 क्विंटल और नीमच को 10 ट्रकों से 3569 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच भेजा गया था। हरदा जिले के 14 और इंदौर जिले के आठ ट्रकों की पावतियों में काट-छांट और छेड़छाड़ मिली है।
बता दें कि, फोर्टिफाइड वह चावल होता है, जिसमें आयरन, फोलिक एसिड व विटामिन बी-12 जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व मिलाए जाते हैं ताकि एनीमिया और कुपोषण से बचाव हो सके।
कलेक्टर ने कराई थी जांच
फोर्टिफाइड चावल के गायब होने मामले में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जांच कराई थी। जांच दल को परिवहनकर्ता का कृत्य निविदा शर्तों के विपरीत मिला। भाग्य लक्ष्मी रोड लांइस को 2024-25 के लिए यह अनुबंध मिला था। मध्य प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम भोपाल के प्रबंध संचालक ने भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस को कटनी जिले के परिवहन कार्य के लिए प्रतिबंधित भी कर दिया है।
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंगलवार को जांच के लिए मुख्यालय के अधिकारियों का दल गठित कर सात दिवस में रिपोर्ट मांगी है।