नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। रिजर्व की वरिष्ठ हथिनी अनारकली की जुड़वा बेटियों रोहिणी और केतकी का पहला जन्मदिन दिनांक 21 नवंबर 2026 को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एल. कृष्णमूर्ति, क्षेत्र संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व नरेश सिंह यादव, कलेक्टर पन्ना हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक पन्ना सब्यसाची सराफ, उप संचालक पन्ना टाइगर रिजर्व बीरेन्द्र कुमार पटेल, ग्राम पंचायत हिनौता के सरपंच तथा हिनौता ईको विकास समिति के अध्यक्ष सहित वन अमला, महावत-चाराकटर एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
जन्मदिन समारोह हिनौता हाथी कैंप में आयोजित किया गया, जहां अतिथियों ने तालियों के बीच रोहिणी और केतकी के लिए विशेष रूप से तैयार केक काटा। इसके बाद मां अनारकली एवं दोनों बच्चियों को केला, सेब, लड्डू एवं गुड़ सहित विशेष व्यंजनों का भोज कराया गया।
अनारकली ने किया अभिवादन
अनारकली ने अपनी सूंड़ से अतिथियों का अभिवादन किया और पूरे हाथी कैंप में उत्सव का माहौल रहा। उल्लेखनीय है कि 21 नवंबर 2025 को हथिनी अनारकली ने हिनौता परिक्षेत्र में लगभग साढ़े तीन घंटे के अंतराल में दो मादा शावकों को जन्म दिया था। पहली बच्ची का जन्म दोपहर 2:20 बजे खैरिया स्थल पर तथा दूसरी का शाम 5:50 बजे हिनौता हाथी कैंप में हुआ।
पन्ना टाइगर रिजर्व के इतिहास में यह पहला अवसर था जब किसी हथिनी ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। आज दोनों बच्चियां रोहिणी और केतकी पूर्णतः स्वस्थ हैं और अपनी मां के साथ हाथी दल की चहेती बन गई हैं।
हाथियों में जुड़वा बच्चों का जन्म अत्यंत दुर्लभ घटना है। प्रसिद्ध हाथी विशेषज्ञ प्रोफेसर रमन सुकुमार एवं अंतरराष्ट्रीय संस्था 'सेव द एलिफेंट्स' के अनुसार हाथियों के कुल जन्मों में जुड़वा बच्चों का अनुपात लगभग 1 प्रतिशत या उससे भी कम है।
वैज्ञानिकों के अनुसार, हाथी जैसे बड़े और दीर्घायु स्तनधारी प्रायः एक बार में एक ही संतान को जन्म देते हैं और उसी के पालन-पोषण में लंबा समय व ऊर्जा लगाते हैं; हथिनी में दुग्ध-ग्रंथियां भी केवल दो होती हैं, जो एक शावक के पोषण के लिए उपयुक्त हैं।
सबसे लंबा होता है हाथी का गर्भकाल
हाथी का गर्भकाल सभी स्तनधारियों में सबसे लंबा लगभग 18 से 22 माह होता है। जुड़वा शावकों का जीवित रहना और भी कठिन होता है, क्योंकि मां प्रायः दोनों के लिए पर्याप्त दूध नहीं दे पाती, जिससे जंगल में जुड़वा शावकों में मृत्यु दर अधिक रहती है।
देश में बांदीपुर (कर्नाटक) जैसे गिने-चुने स्थानों पर ही हाथियों के जुड़वा जन्म दर्ज हुए हैं। ऐसे में 57 वर्षीय अनारकली की दोनों बच्चियों का स्वस्थ रूप से एक वर्ष पूर्ण करना अपने आप में उल्लेखनीय उपलब्धि है, जो पन्ना टाइगर रिजर्व के वन्यप्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, महावतों एवं हाथी प्रबंधन दल की सतत देखभाल, पोषण और निगरानी का परिणाम है।
हथिनी अनारकली पन्ना टाइगर रिजर्व के हाथी दल की सबसे पुरानी सदस्यों में से है। उसे वर्ष 1986 में सोनपुर मेले से लाया गया था और लगभग चार दशकों से वह रिजर्व में गश्ती, बाघ निगरानी एवं रेस्क्यू कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही है।
हाथी दल की संख्या हुई 21
यह अनारकली का छठा प्रसव था। इन जुड़वा बच्चियों के जन्म से रिजर्व के हाथी दल की संख्या 21 हो गई थी, जो वन सुरक्षा एवं बाघ संरक्षण में हाथियों के महत्व को और सुदृढ़ करती है।इस अवसर पर अतिथियों ने अनारकली, रोहिणी और केतकी को शुभकामनाएं दीं तथा हाथियों की उत्कृष्ट देखभाल के लिए पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन, वन्यप्राणी चिकित्सकों एवं महावत दल की सराहना की।
अधिकारियों ने कहा कि पन्ना टाइगर रिजर्व के हाथी केवल वन विभाग के सहायक नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य हैं, और उनकी देखभाल वन्यजीव संरक्षण के प्रति रिजर्व की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। ग्राम हिनौता के जनप्रतिनिधियों एवं ईको विकास समिति ने भी इस आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर वन विभाग एवं स्थानीय समुदाय के सौहार्दपूर्ण संबंधों का परिचय दिया।