सतना में बिल भुगतान नहीं करने पर राइस मिल का काटा कनेक्शन, बिजली कंपनी के जेई को बनाया बंधक
बिजली कंपनी के कनिष्ठ अभियंता को जांच के दौरान राइस मिल में कथित तौर पर बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है।
Publish Date: Wed, 25 Nov 2026 10:31:19 PM (IST)Updated Date: Wed, 25 Nov 2026 10:31:19 PM (IST)
बिजली कंपनी के जेई को बनाया बंधक, नईदुनियाHighLights
- बिजली कंपनी के जेई को बनाया बंधक
- मिल पर 12 लाख का बिल बकाया
- पुलिस ने पहुंचकर कराया बंधक मुक्त
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना/मझगवां। बिजली कंपनी के कनिष्ठ अभियंता को जांच के दौरान राइस मिल में कथित तौर पर बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। मझगवां क्षेत्र स्थित आरपी राइस मिल में जांच करने पहुंचे कनिष्ठ अभियंता चंदन तिवारी और मिल संचालक रूपेश पटेल के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि संचालक ने कथित तौर पर मिल का दरवाजा बंद कर जेई को अंदर ही रोक लिया।
बाहर मौजूद कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद कनिष्ठ अभियंता को मुक्त कराया गया।
जानकारी के अनुसार, आरपी राइस मिल पर बिजली कंपनी का करीब 12 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। इसी वजह से मिल संचालक का नाम बिजली कंपनी मुख्यालय की शीर्ष 20 बड़े बकायादारों की सूची में शामिल है।
जेई टीम के साथ मिल पहुंचे
मिल में 140 हॉर्स पावर का विद्युत भार स्वीकृत है। बकाया वसूली के सिलसिले में कनिष्ठ अभियंता चंदन तिवारी अपनी टीम के साथ मिल पहुंचे थे। कार्रवाई के दौरान एक दिन पहले ही विभाग ने मिल का बिजली कनेक्शन काट दिया था।
बताया जा रहा है कि कनेक्शन काटे जाने के बावजूद मिल में कथित तौर पर सीधे बिजली लाइन से विद्युत उपयोग किए जाने की सूचना विभाग को मिली थी। इसी शिकायत और आशंका की जांच करने जेई चंदन तिवारी दोबारा मिल पहुंचे थे।
संचालक और जेई के बीच हुई कहासुनी
इसी दौरान मिल संचालक और जेई के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि संचालक ने मिल बंद कराकर कनिष्ठ अभियंता को अंदर ही रोक लिया। बाहर मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद जेई को बाहर निकाला गया।
घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी थाने पहुंचे तथा मामले में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की।