शहडोल में मिड-डे मील खाने के बाद बच्चे बीमार, CHC में कराया भर्ती; BEO को नोटिस जारी
जिले के ब्यौहारी विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में मध्यान्ह भोजन के बाद कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 07:03:02 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 07:03:02 PM (IST)
मिड-डे मील खाने के बाद छात्र बीमारHighLights
- मिड-डे मील खाने के बाद छात्र बीमार
- बीमार बच्चों को CHC में कराया भर्ती
- स्व-सहायता समूह को हटाने का आदेश
नईदुनिया प्रतिनिधि,शहडोल। जिले के ब्यौहारी विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में मध्यान्ह भोजन के बाद कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्यौहारी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई गई है। एहतियात के तौर पर उन्हें स्वास्थ्य निगरानी के लिए अस्पताल में रखा गया है।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने घटना को गंभीरता से लेते हुए सीईओ जनपद पंचायत ब्यौहारी और बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा संबंधित स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन कार्य से अलग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
एसडीएम एवं तहसीलदार के प्रतिवेदन में सामने आई लापरवाही
एसडीएम ब्यौहारी अर्चना मिश्रा और तहसीलदार गैलेक्सी नागपुरे के प्रतिवेदन के अनुसार, 14 नवंबर को शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ, ग्राम पंचायत चरका में 15 विद्यार्थी उपस्थित थे। भोजन के बाद एक विद्यार्थी को उल्टी हुई, जबकि कुछ अन्य विद्यार्थियों ने पेट दर्द की शिकायत की।
जनशिक्षक राजाराम पटेल ने दोपहर लगभग 2.30 बजे इसकी सूचना दी। इसके बाद विकासखंड स्तरीय अधिकारी अस्पताल पहुंचे और उपचार की व्यवस्था की। विद्यालय में स्वाती स्व-सहायता समूह ने दाल और चावल बनाया था।
समूह की अध्यक्ष उर्मिला पाल और सचिव राधना साहू हैं। भोजन बनाने का काम रसोइया विद्या बाई सिंह गोंड और पुनिया बाई सिंह गोंड कर रही थीं। प्रतिवेदन के मुताबिक, जिला पंचायत शहडोल ने 23 सितंबर के आदेश से स्वाती स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन कार्य से अलग कर नव जमुना स्व-सहायता समूह को जिम्मेदारी सौंपी थी।
जनशिक्षक ने 28 सितंबर को यह आदेश प्रधानाध्यापक और समूह को व्हाट्सएप से भेजा था। इसके बावजूद पुराने समूह ने नए समूह को प्रभार नहीं सौंपा और भोजन तैयार करना जारी रखा था।