
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर। होटल कारोबार की आड़ में ठगी करने वाले दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उसके खिलाफ कोरबा जिले के दीपका थाने में धमकी देने और गाली-गलौज करने का एक और मामला दर्ज किया गया है।
आरोप है कि दीपक टंडन ने एक युवक को बुधवारी चौक पर बुलाकर उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, दोबारा रकम मांगने पर एसटी-एससी एक्ट में फंसाने की धमकी भी दी थी।
यह मामला वर्ष 2024 का है, लेकिन डर के कारण पीड़ित ने उस समय शिकायत नहीं की थी। अब बिलासपुर पुलिस द्वारा दीपक टंडन की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दीपक टंडन के खिलाफ अब तक छह अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में बंद स्मार्ट टॉयलेट की होगी डिजिटल निगरानी, इंदौर की एजेंसी संभालेगी सफाई व्यवस्था
दीपका थाना पुलिस के मुताबिक, वार्ड क्रमांक नौ निवासी अंकित सिंह (32) कोयला कारोबारी है। उसने शिकायत में बताया कि दीपक टंडन ने पूर्व में उसके पिता महेंद्र सिंह के साथ 27 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी की थी।
इस संबंध में दीपका थाने में वर्ष 2020 में अपराध दर्ज कराया गया था। बाद में दीपक टंडन ने परिवार को विश्वास में लेकर समझौता करने की बात कही। इसके लिए उसने शपथपत्र बनवाया और पांच लाख रुपये कुछ दिनों में देने के साथ शेष रकम धीरे-धीरे लौटाने का भरोसा दिलाया था।
पांच लाख का चेक दिया, बैंक में पहले से होल्ड था
अंकित के मुताबिक, शपथपत्र लेने के बाद भी दीपक टंडन ने रकम वापस नहीं की। कई बार फोन पर संपर्क करने के बाद 20 मई 2023 को उसने यस बैंक का पांच लाख रुपये का चेक दिया। जब 10-12 दिन बाद बैंक में चेक के संबंध में जानकारी ली गई तो पता चला कि चेक पहले से ही होल्ड करवाया गया था।
इसके बाद अंकित ने दोबारा फोन कर अपनी रकम मांगी। इस पर दीपक टंडन ने कहा कि वह 10 जुलाई 2024 को कटघोरा न्यायालय में पेशी पर आएगा और उसी दिन उसके खाते में पैसे जमा कर देगा।
यह भी पढ़ें- रायपुर में अवैध सूदखोरी पर कार्रवाई, आरोपी से 48 ब्लैंक स्टाम्प, 24 बैंक पासबुक और 160 ब्लैंक चेक बरामद
बुधवारी चौक बुलाकर दी धमकी
शिकायत के अनुसार, 10 जुलाई 2024 को शाम करीब चार बजे दीपक टंडन ने अपने किसी परिचित के माध्यम से अंकित को दीपका के बुधवारी चौक बुलवाया। वहां पहुंचने पर रकम मांगने की बात को लेकर दीपक टंडन नाराज हो गया। उसने अंकित के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि उसने दोबारा पैसे मांगने पर एसटी-एससी एक्ट में फंसा देने और जान से मरवा देने की बात भी कही।
छह मामले में एक करोड़ से अधिक ठगे
होटल कारोबारी दीपक टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ छह अलग-अलग मामलों में गंभीर आरोप लगे हैं। पहला मामला होटल सरिता पर कब्जे का है। डा. सरिता वाजपेयी ने 2021 में होटल संचालन के लिए अपना साधना मंडप हाल बरखा टंडन को दिया था।
यह भी पढ़ें- रायपुर में उखड़ी सड़कें, धूल और कीचड़ से लोग परेशान; व्यापार प्रभावित और हादसों का खतरा
किराया और प्रापर्टी टैक्स बकाया होने पर नगर निगम ने 18 अगस्त को होटल सील किया था। 26 अक्टूबर को सील खोलकर संपत्ति सरिता को सौंप दी गई, लेकिन आरोप है कि बाद में दीपक और बरखा ने कब्जा कर लिया।
दूसरे मामले में वीआइपी रोड स्थित एटमास्फिरिया रेस्टोरेंट से जुड़ी 16,500 वर्गफीट जमीन का मालिक नहीं होने के बावजूद 1.16 करोड़ रुपये में सौदा कर कारोबारी से 36 लाख रुपये से अधिक लेने का आरोप है। तीसरे मामले में फार्च्यूनर लीजेंडर का मालिक नहीं होने के बावजूद 20 लाख रुपये में बेचने का सौदा कर रकम लेने और मांगने पर धमकाने की शिकायत है।
यह भी पढ़ें- रायपुर में बोले केन्द्रीय मंत्री अठावले, शीतकालीन सत्र में आएगा परिसीमन विधेयक; राहुल का पीएम बनना मुश्किल