टी-20 में जो शॉट अब है बेहद लोकप्रिय, 1936 में लगाते थे मुश्ताक अली; BCCI याद में कराता है टूर्नामेंट
इंदौर के कैप्टन मुश्ताक अली के नाम पर देश का सबसे बड़ा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाता है।
Publish Date: Sat, 14 Nov 2026 03:49:46 PM (IST)Updated Date: Sat, 14 Nov 2026 03:49:46 PM (IST)
मुश्ताक अली, फाइल फोटोHighLights
- लेग साइड की गेंद को ऑफ साइड में खेलने की कला
- साल 1936 में इंग्लैंड टीम के छुड़ा दिए थे छक्के
- BCCI इनकी याद में कराता है टी-20 टूर्नामेंट
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। क्रिकेट के टी-20 प्रारूप में ऑफ साइड की गेंद को लेग साइड में या लेग साइड की ओर आती गेंद को ऑफ साइड में मारकर बल्लेबाज वाहवाही बटोरते हैं। ऐसे शॉट क्रिकेट की परंपरागत किताबों में नहीं मिलते, लेकिन वर्तमान दौर के टी-20 क्रिकेट की यह पहचान बन चुके हैं।
मगर कम ही लोगों को पता है कि आजादी के पहले जब भारतीय टीम ने टेस्ट खेलना शुरू किया था तब एक ओपनर ऐसा भी था जो इसी अंदाज में बल्ला चलाया करता था। अब इंदौर के इन्हीं कैप्टन मुश्ताक अली के नाम पर देश का सबसे बड़ा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट खेला जाता है।
द्मश्री से किया गया सम्मानित
शनिवार से इंदौर में इसकी शुरुआत हो रही है। भारत सरकार ने वर्ष 1964 में मुश्ताक अली को पद्मश्री से सम्मानित किया था। वे एमसीसी की आजीवन सदस्यता पाने वाले देश के चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल थे। क्रिकेट में परंपरागत रूप से बल्लेबाजों को सिखाया जाता रहा है कि ऑफ स्टंप के बाहर की गेंद को नहीं खेलना है।
अब टी-20 क्रिकेट में यह जरूरत बन चुका है क्योंकि बल्लेबाजों को तेजी से रन बनाने का दबाव होता है। मगर वर्ष 1930 के दशक में इंदौर के कैप्टन मुश्ताक अली ऐसे ही शॉट लगाकर चर्चित हुए थे। मुश्ताक अली के बेटे और मप्र के पूर्व क्रिकेटर गुलरेज अली बताते हैं, तब रन बनाने की रफ्तार बहुत धीमी होती थी।
क्रीज से बाहर निकलकर गेंद को खेलने की कोई सोचता भी नहीं था और मेरे पिता को आगे बढ़कर छक्का मारने में बहुत आनंद आता था। वे आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते थे। लेग साइड की गेंद को ऑफ साइड में और ऑफ साइड की गेंद को लेग साइड में बड़ी सहजता से खेला करते थे।
1936 में ठोका था दमदार शतक
साल 1936 में इंग्लैंड के खिलाफ ओल्ड ट्रैफर्ड में जब वे ऐसे ही खेल रहे थे तो अंग्रेजों को शुरुआत में उन्हें देखकर हंसी आ रही थी। थोड़ी देर बाद जब पिता 50-60 रनों तक पहुंच गए तो अंग्रेज क्षेत्ररक्षकों को अहसास हुआ कि यह भारतीय बल्लेबाज ऐसे ही खेलता था।
इस मैच में मुश्ताक अली ने 112 रन बनाए थे और विदेशी जमीन पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बने थे। सत्र 1951-52 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पहली टेस्ट जीत में वह टीम के प्रमुख सदस्य थे। यह उनके करियर का 11वां और अंतिम टेस्ट मैच भी था। वे फैशनेबल भी बहुत थे। गले में रुमाल बांधकर बल्लेबाजी करने जाने का उनका अंदाज तब काफी लोकप्रिय था।