नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। पक्षी प्रेमियों के लिए यह किसी बड़े तोहफे से कम नहीं। साइबेरिया की बर्फीली वादियों से उड़कर करीब 6,500 किलोमीटर की लंबी और थका देने वाली यात्रा तय कर एक नन्हीं सी चिड़िया छत्तीसगढ़ के बलरामपुर पहुंच गई है।
सिर्फ 14 से 16 सेमी लंबी इस चिड़िया का नाम है साइबेरियन रूबी थ्रोट। 29 नवंबर को बलरामपुर में इस दुर्लभ मेहमान की झलक मिली। पक्षी प्रेमी और बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने इस छोटी सुंदर चिड़िया को अपने कैमरे में कैद किया।
बलरामपुर के नजदीक जमुआटांड़ में पुटुस की झाड़ियों के बीच यह छोटी पक्षी बैठी थी। उन्होंने इसे इंटरनेट मीडिया में साझा भी किया और लिखा - साइबेरियन रूबी-थ्रोट मिल गया... मेरा लाइफर !बलरामपुर जिले के लिए बड़ी खुशखबरी।
अपनी खूबसूरती के लिए जाना जाने वाला यह साइबेरियाई पक्षी थोड़ा शर्मीला जरूर है, लेकिन बातूनी बहुत है... लगातार चहचहाता रहता है।कलेक्टर के कैमरे में कैद हुई इस तस्वीर के बाद अब बलरामपुर बर्डिंग के नक्शे पर भी चर्चा में आ गया है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने कोरिया जिले में पदस्थापना के दौरान भी प्रवासी पक्षियों को अपने कैमरे में कैद किया था। उनका मानना है कि बलरामपुर का जंगल, नदी और झाड़ियों वाला इलाका प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित और अनुकूल है।
कैसी है यह चिड़िया
साइबेरियन रूबी थ्रोट एक छोटा प्रवासी कीटभक्षी पक्षी है। इसका वजन सिर्फ 16 से 29 ग्राम होता है। नर के गले पर रूबी जैसा चमकीला लाल धब्बा होता है, जिसके चारों ओर पतली काली-सफेद धारियां होती हैं। मादा का रंग सादा भूरा होता है। यह शर्मीला है, झाड़ियों में छिपा रहता है, लेकिन काफी चहचहाता है।
गर्मी में लौट जाएगा वापस
यह पक्षी साइबेरिया, उत्तर-पूर्वी रूस और मंगोलिया के टैगा जंगलों में प्रजनन करता है। सर्दी से बचने के लिए अगस्त-अक्टूबर में वहां से उड़ान भरता है। चीन, म्यांमार होते हुए भारत पहुंचता है। आना-जाना मिलाकर यह साल में 12 हजार किमी से ज्यादा उड़ता है। गर्मी के मौसम में वापस साइबेरिया लौट जाता है।
इसलिए भी है यह नन्हीं चिड़िया
सर्दियों में यह भारत, बांग्लादेश, थाईलैंड तक आता है, लेकिन सरगुजा संभाग में इसका दिखना दुर्लभ माना जाता है। इसीलिए बलरामपुर में इसका मिलना पक्षी प्रेमियों के लिए बड़े तोहफे से कम नहीं है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बताया कि खाली समय मे पक्षियों की फोटोग्राफी मेरी शौक है।
मैंने कोरिया जिले में पदस्थापना के दौरान भी कई स्थानीय और प्रवासी पक्षियों की तस्वीरें कैमरे में कैद की है। साइबेरियन रूबी थ्रोट का बलरामपुर में मिलना यह बताता है कि बलरामपुर का जंगल और नदी किनारे का इलाका प्रवासी पक्षियों के लिए सुरक्षित है। जिले के अलग-अलग क्षेत्र में प्रवासी पक्षी समय-समय पर नजर आते है।
जानिए पक्षी प्रेमियों के लिए क्यों विशेष है माई लाइफर शब्द
पक्षी देखने वालों (बर्डर्स) की भाषा में लाइफर का मतलब होता है , वो पक्षी, जिसे आपने अपने पूरे जीवन में पहली बार देखा हो। जैसे कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने लिखा - मेरा लाइफर।इसका मतलब है कि उन्होंने साइबेरियन रूबी थ्रोट को आज तक कभी नहीं देखा था, बलरामपुर में पहली बार देखा।
बर्डर्स अपनी एक सूची बनाते हैं, जिसमें वो हर उस पक्षी का नाम लिखते हैं जिसे उन्होंने जीवन में देखा है। जब कोई नया पक्षी दिखता है, तो वो सूची में जुड़ जाता है और उसे लाइफर कहते हैं इसलिए बर्डर्स के लिए लाइफर मिलना किसी ट्रॉफी मिलने जैसा होता है।