
नईदुनिया न्यूज, कवर्धा। बिजली उपभोक्ताओं से वसूली गई रकम और कंपनी के बैंक खाते में जमा राशि के बीच करोड़ों रुपये का अंतर सामने आया है। कबीरधाम जिले के रवेली और मरका विद्युत वितरण केंद्रों में वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये कंपनी के खाते में जमा नहीं किए जाने का मामला सामने आया है।
इस वित्तीय अनियमितता के आरोप में विद्युत वितरण कंपनी के सहायक ग्रेड-03 कर्मचारी मनोज साहू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों केंद्रों से मिली शिकायतों के आधार पर दर्ज मामले में पुलिस अब वित्तीय लेन-देन की कड़ियां खंगाल रही है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में सभी शौचालयों का होगा ऑडिट, बदहाल व्यवस्था की होगी जांच; दो दिन तक चलेगा अभियान
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपित मनोज साहू ने गबन से संबंधित कृत्य स्वीकार किया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 421, 467, 468, 471, 477 और 409 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस की विवेचना जारी है।
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कथित रूप से कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई रकम किन खातों में गई और उसमें से कितनी राशि बरामद हुई है। जांच के आगे बढ़ने के साथ इन वित्तीय लेन-देन का पूरा विवरण सामने आने की उम्मीद है।
रवेली केंद्र में 3.17 करोड़ रुपये जमा नहीं होने की शिकायत
मामले की शुरुआत रवेली विद्युत वितरण केंद्र से जुड़ी शिकायत के बाद हुई। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के पिपरिया उप संभाग में पदस्थ सहायक अभियंता सुनील कुमार गुप्ता ने थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई।
शिकायत के अनुसार, कर्मचारी मनोज साहू की रवेली केंद्र में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक 3 करोड़ 17 लाख 90 हजार 699 रुपये कंपनी के बैंक खाते में जमा नहीं किए गए। इस शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 11 हजार से अधिक वेटलैंडों की पहचान, सीमांकन पर सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा
मरका केंद्र की शिकायत से बढ़कर 4.30 करोड़ पहुंची रकम
जांच के दौरान मरका विद्युत वितरण केंद्र से भी इसी अवधि की वित्तीय अनियमितता की शिकायत सामने आई। केंद्र के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी ने पुलिस को बताया कि मनोज साहू के पदस्थापना और प्रभार के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कंपनी की 1 करोड़ 12 लाख 69 हजार 171 रुपये की राशि खाते में जमा नहीं की गई। रवेली और मरका केंद्रों की शिकायतों को मिलाकर कथित गबन की कुल रकम 4 करोड़ 30 लाख 59 हजार 870 रुपये हो गई।
यह भी पढ़ें- भिलाई-दुर्ग में इलेक्ट्रिक बस का हुआ ट्रायल, पहले चरण में चलेंगी 20 बसें; 50 ई-बसों को मिली मंजूरी