
नईदुनिया न्यूज, मोहला। कर्नाटक के बेलगावी जिले में गन्ने के खेतों में काम करने गए छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के 25 श्रमिकों को मोहला जिला प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला है। ये सभी श्रमिक कित्तूर थाना क्षेत्र में फंसे हुए थे। वेतन नहीं मिलने और अन्य परेशानियों के कारण उनकी घर वापसी मुश्किल हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर हरकत में आए मोहला प्रशासन ने कर्नाटक पहुंचकर स्थानीय पुलिस की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी श्रमिकों की बकाया मजदूरी का भुगतान भी कराया।
जानकारी के अनुसार, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के रामगढ़, भैंसबोड़, सोमाटोला, मरकाटोला और खड़गांव क्षेत्र के 21 श्रमिक 5 नवंबर को गन्ने के खेतों में काम करने कर्नाटक गए थे। उनके साथ महाराष्ट्र के चार श्रमिक भी थे। वहां वेतन नहीं मिलने और अन्य समस्याओं के कारण श्रमिक घर नहीं लौट पा रहे थे। उनकी परेशानी की जानकारी मिलने पर स्वजनों ने मोहला थाने में शिकायत दर्ज कराई। साथ ही पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह से मुलाकात कर श्रमिकों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में तहसील के चक्कर बंद: मोबाइल से निकालें 1929 से 1945 तक के भूमि दस्तावेज, बचेंगे हजारों रुपये
श्रमिकों के फंसे होने की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने राजस्व, श्रम और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाई। 25 नवंबर को नायब तहसीलदार दिनेश साहू के नेतृत्व में टीम कर्नाटक के लिए रवाना हुई। इसमें श्रम निरीक्षक प्रमोद यादव और एएसआई भूपेंद्र ठाकुर शामिल थे। 27 नवंबर को टीम ने कर्नाटक के बेलगावी के अपर कलेक्टर से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय प्रशासन के निर्देश पर पुलिस की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के लगभग 1600 से अधिक गांव होंगे रोशन, 435 करोड़ से सुदूर इलाकों में पहुंचेगी बिजली
संयुक्त टीम श्रमिकों के कार्यस्थल यानी गन्ने के खेतों तक पहुंची और वहां फंसे सभी 25 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला। कार्रवाई के दौरान उनकी बकाया मजदूरी का भुगतान भी सुनिश्चित कराया गया। रेस्क्यू के दौरान महाराष्ट्र के कुसुमकसा क्षेत्र के चार श्रमिकों ने भी घर लौटने में मदद मांगी। प्रशासनिक टीम ने उन्हें भी अपने साथ लिया। इसके बाद सभी श्रमिकों को बेलगावी जिला मुख्यालय लाया गया, जहां उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई।
यह भी पढ़ें- रायपुर में एक ही रात में 5 लड़कियां गायब, तलाश में रात भर दौड़ती रही
रेस्क्यू के बाद 28 नवंबर की सुबह सभी 25 श्रमिकों को पुलिस सुरक्षा में ट्रेन से मोहला के लिए रवाना किया गया। प्रशासन के अनुसार, सभी श्रमिक सुरक्षित हैं। मोहला पहुंचने पर उन्हें उनके स्वजनों के सुपुर्द किया जाएगा। जिले के चिल्हाटी और खड़गांव थाना क्षेत्र के श्रमिकों को भी पूर्व में पुलिस और प्रशासन की पहल पर महाराष्ट्र तथा कर्नाटक से सुरक्षित वापस लाया जा चुका है। इस बार भी शिकायत मिलते ही प्रशासन ने दूसरे राज्य पहुंचकर श्रमिकों को संकट से बाहर निकाला और उनकी बकाया मजदूरी दिलाने की पहल की।
यह भी पढ़ें- CG में विधायक तुलेश्वर मरकाम के काफिले पर पथराव, साइड कांच चकनाचूर, वाई-प्लस सुरक्षा की मांग