नईदुनिया प्रतिनिधि, डिंडौरी। जिले में धान खरीदी एवं कस्टम मिलिंग में 26.24 करोड़ की गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। जिला प्रशासन द्वारा प्रमुख बिंदुओं का खुलासा किया गया है। जांच में फर्जी खरीदी, दूसरे राज्यों में अवैध परिवहन, कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी और गोदाम में अमानक स्तर का चावल जमा करने जैसे गंभीर तथ्य सामने आए हैं।
प्रशासन ने इस मामले में दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। हरिहर ट्रेडर्स ग्राम हर्रा के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा द्वारा 01 जनवरी 2026 से 27 अक्टूबर 2026 के बीच कृषि उपज मंडी समिति गोरखपुर के ई-अनुज्ञा पोर्टल पर 140 धान विक्रेताओं से कुल 1,22,584.50 क्विंटल धान का नगद खरीदा गया।
इस खरीद का कुल मूल्य 26,24,23,068.60 छब्बीस करोड़ चौबीस लाख तेईस हजार अड़सठ रुपये साठ पैसे दिखाया गया और इस पर 33,32,164.09 मंडी शुल्क तथा 5,24,846.13 निराश्रित शुल्क जमा की गई। जांच दल द्वारा 140 में से रेंडम आधार पर 16 विक्रेताओं के खाते दर्ज किए गए जिनके नाम पर कुल 45,986.50 करोड़ रुपये धान और 9.94 करोड़ का भुगतान दर्ज था।
बयानों से प्रमाणित हुआ कि ये सभी व्यक्ति भूमिहीन या अत्यल्प भूमि धारक मजदूर और बीपीएल श्रेणी के हितग्राही हैं। इनमें से कई लोग स्वयं हरिहर ट्रेडर्स में ₹300 प्रतिदिन की मजदूरी करते हैं।
इन व्यापारियों ने न तो कोई धान बेचा है और न ही उन्हें कोई नगद भुगतान प्राप्त हुआ है। व्यापारी द्वारा इनके नाम, मोबाइल नंबर और आधार नंबर का दुरुपयोग कर फर्जी प्रविष्टियां की गईं।
अवैध रूप से दूसरे राज्यों में धान का ट्रांसपोर्टेशन
ई-अनुज्ञा पोर्टल पर फर्जी खरीद के माध्यम से कागजों पर स्टॉक बढ़ाकर और कूट-रचित दस्तावेज तैयार कर महाराष्ट्र के व्यापारियों को 1,21,814.65 क्विंटल तथा तेलंगाना के व्यापारियों को 978 क्विंटल धान अवैध रूप से विक्रय कर भेजा गया। जांच के समय मिल परिसर में खड़े 6 ट्रकों में से एक ट्रक क्रमांक UP 70 FT 3918 में प्लास्टिक की बोरियों में लगभग 300 मिलीलीटर धान लोड पाई गई।
कस्टम मिलिंग में गड़बड़ी और बिजली खपत में अंतर
हरिहर राइस मिल हर्रा के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा एवं संचालक सोनेश खनूजा द्वारा 642 लॉट धान की मिलिंग हेतु कॉन्ट्रैक्ट किया गया था, जिसमें से 341 लॉट धान का उठाव किया गया।जनवरी 2026 से अक्टूबर 2026 तक 329 लॉट धान की मिलिंग के लिए शासन के मानक 780 यूनिट प्रति लॉट के अनुसार गणना की बिजली खपत 2,56,620 यूनिट होनी चाहिए थी।
बिजली बिलों के अवलोकन में पाया गया कि मिल में केवल 1,69,370 यूनिट बिजली की ही खपत हुई है, जो अनुमान से 87,250 यूनिट कम है। इससे स्पष्ट होता है कि प्राप्त शासकीय धान की पूरी मिलिंग नहीं की गई और धान की अफरा-तफरी की गई। मिल परिसर में कनकी टुकड़ा चावल का कोई स्टॉक नहीं मिला और न ही कनकी बिक्री के कोई दस्तावेज प्रस्तुत किए गए।
प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा एवं संचालक सोनेश खनूजा द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उपार्जित धान की कस्टम मिलिंग के लिए किए गए अनुबंध की कंडिका 6 (IV) तथा 6 (V) का स्पष्ट उल्लंघन किया गया है। इसके साथ ही, आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 के तहत जारी म.प्र. चावल अधिप्राप्ति (उद्ग्रहण) आदेश 1970 के खंड-3 'क' की कंडिका 4 का उल्लंघन भी पाया गया है, जो आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत दंडनीय अपराध है।
गोदाम में जमा किया गया अमानक स्तर का चावल
मिलर द्वारा शासकीय धान की मिलिंग करने के बजाय खुले बाजार से घटिया चावल खरीदकर निगवानी गोदाम परिसर डिंडौरी में सीएमआर सीएमआर के रूप में जमा कराया गया।
वेयर हाउस एग्रीमेंट की शर्तों का उल्लंघन
हरिहर वेयर हाउस हर्रा स्वामी मंजीत खनूजा, क्षमता 3600 मेट्रिक टन के निरीक्षण में 19,169.59 मेट्रिक टन 48,039 बोरियां उपार्जित धान का सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे पाए गए। अग्निशामक यंत्र व रेत से भरी बाल्टियां नदारद थीं तथा साफ-सफाई का अभाव पाया गया। जो एमपी वेयर हाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स समझौता के अनुबंध की शर्तों का स्पष्ट उल्लंघन है।
प्रशासन द्वारा की गई दंडात्मक कार्रवाई
कलेक्टर ने तहसीलदार बजाग को निर्देशित किया है कि हरिहर ट्रेडर्स के प्रोपराइटर स्वप्निल खनूजा एवं हरिहर राइस मिल के संचालक सोनेश खनूजा के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7, म.प्र. चावल अधिप्राप्ति (उद्ग्रहण) आदेश 1970 तथा धोखाधड़ी व गबन के तहत संबंधित पुलिस थाने में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराएं।
*मंडी सचिव व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस बिना भौतिक सत्यापन, भूमि रकबे और वास्तविक उत्पादन की जांच किए फर्जी क्रय-विक्रय व भुगतान पत्रकों को आधिकारिक लॉगिन आईडी से अनुमोदित (अप्रूव) करने पर कृषि उपज मंडी समिति गोरखपुर के मंडी सचिव अशोक राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी कर 7 दिवस में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
दोनों अधिकारियों के पद पर बने रहने से अभिलेखों व साक्ष्यों से छेड़छाड़ की प्रबल संभावना को देखते हुए, म.प्र. राज्य मंडी बोर्ड सेवा विनियम 1998 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का प्रस्ताव प्रबंध संचालक, म.प्र. राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल को भेजा गया है।