नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। रैपुरा तहसील एवं शाहनगर थाना क्षेत्र के गजंदा और सलैया फेरन गांवों के 21 मजदूर महिलाओं और बच्चों सहित पिछले करीब दो माह से कर्नाटक के विजयपुर जिले की इंडी तहसील के पास फंसे हुए हैं। मजदूरों के परिजनों का आरोप है कि उन्हें औरंगाबाद में काम दिलाने का झांसा देकर महाराष्ट्र ले जाया गया, लेकिन बाद में कर्नाटक में गन्ने की कटाई और लोडिंग के काम में लगा दिया गया।
वहां मजदूरों से रोजाना 14 से 15 घंटे काम कराया जा रहा है। दो माह से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है और उन्हें घर वापस भी नहीं आने दिया जा रहा है। मजदूरों में नौ महिलाएं और दस बच्चे भी शामिल हैं। शनिवार को परेशान परिजन बोरी चौकी पहुंचे और चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन देकर अपने परिजनों को मुक्त कराने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
एक परिवार के नौ सदस्य फंसे, दो बेटे-बहू और पांच बच्चे शामिल
ग्राम गजंदा निवासी मैरी बाई ने बताया कि उनके परिवार के नौ सदस्य कर्नाटक में फंसे हुए हैं। इनमें उनके दो बेटे राकेश और केशकुमार, बहुएं सुमन और सखी आदिवासी तथा उनके पांच बच्चे शामिल हैं। मैरी बाई के अनुसार करीब दो माह पहले महाराष्ट्र के औरंगाबाद में काम दिलाने के नाम पर महाराष्ट्र का रहने वाला संतोष नामक व्यक्ति मजदूरों को लेकर गया था।
वहां से गणेश नाम के एक व्यक्ति को मजदूरों के साथ भेजा गया, जो उन्हें कर्नाटक में गन्ने की कटाई के काम में ले गया। फोन पर परिजनों से बातचीत होती है, जिसमें मजदूर बताते हैं कि उनसे प्रतिदिन 14-15 घंटे काम कराया जा रहा है, लेकिन दो माह से मजदूरी नहीं दी गई है। उन्हें घर वापस आने की अनुमति भी नहीं मिल रही है।
बेटी-दामाद और दो नाती-नातिन भी फंसे
गजंदा निवासी दस्सी आदिवासी ने बताया कि उनकी बेटी सत्तो बाई, दामाद रामविशाल आदिवासी और उनके दो बच्चे विक्रम एवं सनम भी इन्हीं मजदूरों के साथ कर्नाटक की इंडी तहसील के पास फंसे हैं। उन्होंने बताया कि मजदूरों को खाने के लिए केवल राशन दिया जाता है।
दो माह से मजदूरी नहीं मिली है और घर लौटने की अनुमति भी नहीं दी जा रही। परिवार के अनुसार बेटे ने फोन पर रहने और खर्च चलाने में परेशानी बताते हुए कुछ पैसे मांगे थे, जिसके बाद उन्होंने उसे कुछ रकम भेजी।
25 दिन काम कराया, किराए के नाम पर दिए सिर्फ एक हजार रुपये
बीजाखेड़ा गांव के देवेंद्र पिता गया प्रसाद ने बताया कि वह स्वयं करीब 25 दिनों तक वहां मजदूरों के साथ रहे थे। उनके साथ बेटा रविंद्र, बहू अंजू, भाई और नातिन आयुषी भी गए थे। देवेंद्र के अनुसार उनकी भाभी की मौत होने के बाद काफी प्रयासों के बावजूद उन्हें वापस आने की अनुमति नहीं मिली।
जब फोन पर भाभी की मौत की तस्वीर दिखाई गई, तब जाकर उन्हें आने दिया गया। देवेंद्र का आरोप है कि 25 दिनों तक काम करने के बावजूद मजदूरी के नाम पर उन्हें केवल किराए के लिए एक हजार रुपये दिए गए। उनका बेटा, बहू और बच्चे अब भी वहीं फंसे हुए हैं।
बोरी चौकी पहुंचकर परिजनों ने लगाई गुहार
लगातार दो माह से अपने परिजनों की वापसी का इंतजार कर रहे मजदूरों के परिवार शनिवार को बोरी चौकी पहुंचे।
उन्होंने चौकी प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर कर्नाटक में फंसे सभी मजदूरों को सुरक्षित मुक्त कराकर वापस बुलाने की मांग की। साथ ही मजदूरों को काम दिलाने के नाम पर दूसरे प्रदेश ले जाने वाले व्यक्तियों और कथित रूप से बंधक बनाकर रखने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में महिलाओं और छोटे बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए परिजनों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। अब देखना होगा कि पुलिस और प्रशासन कर्नाटक पुलिस से समन्वय बनाकर इन मजदूरों की सुरक्षित वापसी के लिए कितनी जल्दी कदम उठाते हैं।
सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर लगाई मदद की गुजर
मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर घरवालों एवं सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा है कि यहां ठीक से खाने को भी नहीं मिल पा रहा न ही मजदूरी मिल रही है। घर लौटने नहीं मिल रहा है इसलिए जल्दी हमारी मदद करें।