नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। जिले के मझगवां वन परिक्षेत्र में कथित अवैध उत्खनन का मामला अब केवल लीज की निर्धारित सीमा से बाहर खुदाई तक सीमित नहीं रह गया है। जरिहा से सिलौरा और प्रतापपुर तक सामने आ रही शिकायतों ने सरकारी जमीन, वनभूमि और आदिवासियों की निजी आराजियों पर हो रहे उत्खनन की निगरानी व्यवस्था को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है।
सबसे गंभीर पहलू यह है कि अवैध उत्खनन का विरोध करने वाले आदिवासी को ही पुलिस के सामने कथित तौर पर डराने-धमकाने की स्थिति बन रही है। गुरुवार की रात जरिहा में हुई घटना ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने मोबाइल छीनने का किया प्रयास
आरोप है कि सरकारी जमीन पर हो रही खुदाई का विरोध करने पहुंचे गोविंद कोल को मदद देने के बजाय डायल 112 के जवानों ने ही उल्टा धमकाया और उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। साथ ही धमकाते हुए शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध उत्खनन को जिला कलेक्टर के आदेश से होना बता दिया।
एक तरफ जहां आरक्षक का अपरहण के केस में नाम आने का मामला शांत भी नहीं हुआ था। वहीं पुलिस द्वारा अवैध खननकारियों को संरक्षण प्रदान करते हुए आदिवासियों को धमकाने व जिला कलेक्टर को दागदार बनाने का वीडियो ने एक बार फिर खाकी की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए है।
खुदाई का विरोध किया तो पुलिस आरक्षक ने धमकाया
गुरुवार की रात जरिहा में गोविंद कोल की कब्जे वाली जमीन से लगी सरकारी भूमि पर उत्खनन किया जा रहा था। गोविंद का कहना है कि सरकारी जमीन पर उसका कब्जा है और वहां उसका मकान भी बना हुआ है। रात में जब उसने अपनी जमीन से लगी सरकारी भूमि पर मशीनों से खुदाई होते देखी तो विरोध किया और डायल 112 को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस से उसने अवैध उत्खनन रोकने और मामले को देखने की बात कही। लेकिन आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे खनिज विभाग जाने की सलाह दे दी। गोविंद ने जब पुलिस से मौके पर कार्रवाई करने का आग्रह किया तो जवानों का रुख कथित तौर पर बदल गया और यह बोलने लगे कि यह खुदाई कलेक्टर के आदेश से हो रहीं है।
वह उत्खनन का वीडियो बना रहा था, इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे डराया-धमकाया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। यहां तक कि उसे लडक़र थाने ले जाने जैसी बात भी कही गई। जिस पुलिस से एक आदिवासी सरकारी जमीन की सुरक्षा और अवैध उत्खनन रोकने की उम्मीद कर रहा था, उसी पुलिस के व्यवहार ने उसे सवाल उठाने पर मजबूर कर दिया।
यदि मौके पर वास्तव में अवैध उत्खनन हो रहा था तो पुलिस ने उसे रोकने या संबंधित विभाग को सूचना देने की पहल क्यों नहीं की? और यदि मामला राजस्व अथवा खनिज विभाग के अधिकार क्षेत्र का था तो शिकायतकर्ता को डराने की जरूरत क्यों पड़ी?
अवैध उत्खनन के सामने खनिज विभाग नया सर्विलांस सिस्टम भी नतमस्तक
अवैध उत्खनन पर नजर रखने के लिए खनिज विभाग ने सर्विलांस व्यवस्था बना रखी है। विभाग के उपसंचालक मानवेंद्र सिंह के मुताबिक विभाग का नया सर्विलांस सिस्टम है, जिसके तहत हर लीज धारक की बाडडी केबल फाइल बनी हुई है, जिसके फिगर जारी होते है।
इस नए सर्विलांस सिस्टम के तहत अगर स्वीकृत खदान की सीमा से बाहर उत्खनन होने पर इसकी सूचना दर्ज हो जाती है और सतना से लेकर भोपाल तक अवैध उत्खनन का संकेत पहुंचता है। लेकिन गुरुवार की रात हुए अवैध उत्खनन के दौरान ऐसा कुछ नहीं हुआ।
उपसंचालक के मुताबिक उनके पास कोई सिंगलन नहीं पहुंचा। यहीं सबसे बड़ा सवाल खड़ा होता है। यदि सर्विलांस सिस्टम इतना सक्षम है कि लीज सीमा से बाहर होने वाली खुदाई को पकड़ सकता है तो जरिहा और आसपास के क्षेत्रों में सामने आ रही शिकायतें उसकी निगरानी में क्यों नहीं आ रही हैं ?
हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है, 112 में अगर कॉल गया होगा तो उनके पास सूचना होगी। अभी मेरे पास नहीं कोई ऐसी सूचना नहीं। विजय सिंह, थाना प्रभारी धारकुंडी थाना