पीएम नरेंद्र मोदी आज होशियारपुर दौरे पर हैं। सूबे में आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। पीएम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 10 वर्षों में हमने गरीब से गरीब को मुफ्त अनाज और मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। आज किसी भी गरीब दलित वंचित मां की संतान को भूखे पेट नहीं सोना पड़ता।

पीएम मोदी ने इंडी गठबंधन पर निशाना कसते हुए कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के स्वार्थ और वोट बैंक की राजनीति ने देश का बहुत नुकसान किया है। वोट बैंक के प्रति अपने प्यार के कारण देश के बंटवारे के समय करतारपुर साहिब पर अपना अधिकार नहीं जता पाए। यही लोग हैं, जो अपने वोट बैंक के लिए लगातार राम मंदिर का विरोध करते रहे। तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इंडी गठबंधन सीएए का विरोध कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस के साथ एक और भ्रष्टाचारी पार्टी (AAP) जुड़ गई है। यहां तो आमने सामने लड़ने का ड्रामा कर रहे हैं, दिल्ली में एक साथ चुनाव लड़ रहे थे। लोग भूले नहीं कि कट्टर भ्रष्टाचारी की पहली सरकार कांग्रेस के समर्थन से दिल्ली में बनी थी, इसलिए इन्होंने भ्रष्टाचारी कांग्रेस से भ्रष्टाचार के पाठ पढ़ लिए हैं।




