सागर के बड़तूमा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस धर्म के आधार पर आरक्षण देना चाहती है। उसने कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया था, जिसे भाजपा ने सत्ता में आते ही खत्म कर दिया। कांग्रेस ने अब फिर से कर्नाटक में धर्म के आधार पर आरक्षण दे दिया। मुस्लिमों की सभी जातियों को ओबीसी कोटे में डाल दिया है। कांग्रेस यही फार्मूला पूरे देश में लागू करना चाहती है।

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ओबीसी वर्ग की सबसे बड़ी दुश्मन है। उसने ओबीसी से उनका हक छीन लिया है। कांग्रेस ने सामाजिक न्याय की हत्या की है। संविधान की भावना को ठोकर पहुंचाई है। बाबा साहेब का घोर अपमान किया है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस आपकी संपत्ति भी छीनना चाहती है। अगर माताओं-बहनों ने थोड़ी पूंजी बचाई होगी और अनाज के डब्बे में कुछ रखा होगा तो कांग्रेस एक्स-रे करके वह भी निकाल लेगी। लाकर में रखे गहने और महिलाओं के मंगलसूत्र भी, कांग्रेस सब खोजने में लगेगी। फिर कहती है हम इसे छीन लेंगे और बांट देंगे। आपसे ये छीन कर कांग्रेस अपने वोट बैंक को देना चाहती है।




